कानपुर सिपाही की एक करतूत ने खाकी को शर्मसार कर दिया। जूही बारादेवी स्थित पुलिस कालोनी में सिपाही ने पड़ोस में रहने वाली हेड कांस्टेबल की पत्नी से छेड़छाड़ कर दी। घटना के दौरान हेड कांस्टेबल ड्यूटी पर थे जबकि उनकी पत्नी घर पर अकेली थीं। मामले में किदवई नगर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है। मामला संज्ञान में आने पर डीसीपी साउथ ने आरोपित सिपाही को निलंबित कर जेल भेज दिया।
नशे में झूमते सिपाही ने महिला को छेड़ा
बारादेवी स्थित पुलिस कालोनी में रहने वाला सिपाही सुनील कुमार ग्वालटोली थाने में तैनात है। उसके मकान के बगल में रहने वाले बिधनू थाने में तैनात हेड कांस्टेबल परिवार संग रहते हैं। पीड़िता के अनुसार शुक्रवार को वह जीने के रास्ते छत पर जा रही थीं। तभी नशे में धुत सुनील ने उनके साथ छेड़छाड़ कर दी। जब इसका विरोध किया तो सुनील ने उनके साथ अभद्रता की। शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आता देख सुनील वहां से भाग निकला।
सिपाही के ऊपर दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़िता ने सिपाही की करतूत की जानकारी पति को दी, जिसके बाद घर पहुंचे हेड कांस्टेबल ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की। पुलिस ने मामले में पीड़िता की तहरीर पर आरोपित सुनील के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर उसे मेडिकल के लिए भेजा, जहां रिपोर्ट में अत्यधिक एल्कोहल की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपित सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर उसे जेल भेज दिया गया।