Sunday, April 19, 2026
spot_img
HomeCrime Newsगोविंद नगर क्षेत्र में किराएदार की बच्ची से अश्लीलता का प्रयास

गोविंद नगर क्षेत्र में किराएदार की बच्ची से अश्लीलता का प्रयास

कानपुर, गोविंद नगर में मकान मालिक ने किरायेदार की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। साथ ही आरोपित ने बच्ची को मारने का प्रयास किया। उसकी रोने की आवाज सुनकर स्वजन पहुंचे तो आरोपित मौके से भाग निकला। घटना के बाद पीड़ित पिता ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर के नीचे खाने-पीने का सामान खरीदने गई थी

मूलरूप से फतेहपुर निवासी एक परिवार गोविंद नगर में किराये के मकान में रहता है। परिवार का मुखिया दादा नगर स्थित एक फैक्ट्री में काम करता है। उन्होंने बताया कि त्यौहार के मौके पर रिश्तेदार घर पर आए थे। इस दौरान उनकी दस साल की बच्ची घर के नीचे खाने-पीने का सामान खरीदने गई थी। जब बेटी काफी देर तक घर नहीं पहुंची, तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। काफी तलाश के बाद मकान मालिक के बेटे के कमरे में उन्हें बेटी की चप्पल दिखाई दीं। उन्होंने कमरा खुलवाने का प्रयास किया तो अंदर कमरे से बेटी के रोने की आवाज आई। काफी मशक्कत के बाद आरोपित ने कमरा खोला तो सोफे पर बेटी मरणासन्न हालत में मिली।

इंस्पेक्टर रोहित तिवारी ने पीड़ित की तहरीर पर दर्ज किया मुकदमा

इस बीच आरोपित मौके से भाग निकला। घटना के प्रकाश में आने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मासूम का प्राथमिक उपचार कराया। बच्ची की हालत स्थिर है। थाना प्रभारी रोहित तिवारी ने बताया कि पीड़ित पिता की शिकायत पर आरोपित मकान मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर गिरफ्तारी के लिए दबिश जा रही है। अब तक आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

वाट्सएप पर स्टेटस बदल-बदल कर दे रहा धमकी

बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने वाला आरोपित वाट्सएप पर स्टेटस लगाकर पीड़ित परिवार को धमकी दे रहा है फरार होने के बाद से वह लगातार अपना स्टेटस बदल रहा है। एक स्टेटस संदेश में उसने लिखा है जिंदा जाएंगे खानदान के साथ, बस सब्र करो अपराधी बनाओगे। एक अन्य स्टेटस संदेश में गाली गलौज करते हुए उसने लिखा है कि उस पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वालों को वह जिंदा जला देगा।

मैसेज बदल-बदल कर पोस्ट कर रहा है

पीड़ित परिवार का आरोप है कि जिस तरह से आरोपित अपने वाट्सएप स्टेटस पर उन्हें धमकाने वाले मैसेज बदल-बदल कर पोस्ट कर रहा है, इससे साबित होता है कि उसे पुलिस का डर नहीं है।

नशे में था आरोपित

प्रत्यक्षदर्शियों व पीड़ितों के मुताबिक जिस समय आरोपित से दरवाजा खुलवाया गया, आरोपित नशे की हालत में था। लोग घायल बच्ची को देखने में पड़ गए और मौका पाकर आरोपित फरार हो गया। आरोप है कि आरोपित पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है, लेकिन हर बार लोकलाज के चलते मामले दबा दिए गए।

मारपीट में बच्ची के नाक से निकला खून

दुष्कर्म की कोशिश के दौरान बच्ची द्वारा विरोध करने पर आरोपित ने उसके साथ बर्बर तरीके से मारपीट की। वह शोर न मचा सके, इसीलिए आरोपित ने उसकी नाक पर मुक्का जड़ दिया, जिससे वह बेहोश हो जाए और शोर न कर सके। इससे बच्ची की नाक से खून बहने लगा। माना जा रहा है कि अगर कुछ और देर हो जाती तो आरोपित बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के अलावा उसकी हत्या भी कर सकता था।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular