कानपुर गोविंद नगर स्थित शिवम एनक्लेव अपार्टमेंट में वृद्धा को बंधक बनाकर 15 लाख की डकैती के मुख्य आरोपित का बयान दर्ज करने पुलिस नालंदा जाएगी। इसके लिए पुलिस कमिश्नर से अनुमति मांगी गई है।
गोविंद नगर टी ब्लॉक स्थित अपार्टमेंट में 16 सितंबर 2021 की देर रात वृद्धा आशादेवी को बंधक बना कर लाखों की डकैती डाली गई थी। क्राइम ब्रांच ने 25 अक्तूबर को डकैती में शामिल एक नाबालिग को पकड़ा था।
जेल में बंद मुन्ना व एक अज्ञात के साथ वारदात को अंजाम दिया था
उसने पुलिस को बताया कि नालंदा जेल में बंद जोगेंदर, पिंटू और देवरिया जेल में बंद मुन्ना व एक अज्ञात के साथ वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उन तीनों आरोपितों का भी वारंट लिया था। फरवरी में मुन्ना कानपुर कोर्ट में पेश हुआ था, लेकिन अन्य दोनों आरोपितों की पेशी नहीं हो सकी थी। कोर्ट ने दोनों को 10 फरवरी को तलब किया था। तब उनकी वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिए कानपुर कोर्ट में पेशी हुई। इसके बाद विवेचक ने उनके बयान दर्ज करने के लिए कोर्ट में अर्जी डाली थी। विवेचक गोविंद नगर थाना प्रभारी रोहित तिवारी ने बताया कि कोर्ट से अनुमति मिल गई थी, लेकिन चुनाव और मतगणना के कारण नहीं जा पाया था। अब जाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। दूसरे प्रांत में जाने के लिए पुलिस कमिश्नर से अनुमति मांगी है। उनकी अनुमति मिलते ही वह नालंदा के लिए रवाना हो जाएंगे।
विकास पांडेय, एसीपी गोविंद नगर
जोगेंदर और पिंटू के बयान के बाद पता चलेगा कि पांचवां आरोपित कौन है और वे लोग यहां किसके माध्यम से पहुंचे थे? इसी अपार्टमेंट को टारगेट करने की सलाह किसने दी थी? उसके बाद आगे की कार्रवाई हो सकेगी।