कानपुर नौबस्ता के किदवई नगर-वाई ब्लाक में सोमवार देर रात तीन चोरों ने एसबीआई के शाखा प्रबंधक के घर पर 28 लाख रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दे दिया घटना के वक्त परिवार पहली मंजिल पर बने कमरे में सो रहा था। सुबह उठने पर परिवार को इसकी जानकारी हुई। सूचना पर पहुंचे नौबस्ता पुलिस, फोरेंसिक और डाग स्क्वायड ने छानबीन की। घर पर लगे चार सीसी कैमरे में तीन चोरों की फुटेज कैद हो गई।
एसबीआइ की भौंती शाखा में प्रबंधक हैं
किदवईनगर वाई ब्लाक निवासी जितेंद्र कुमार सिंह स्टेट बैंक आफ इंडिया(एसबीआइ) की भौंती शाखा में प्रबंधक हैं। परिवार में पत्नी बबिता सिंह, दो बेटी अपेक्षा और अग्रिमा हैं। बबिता ने बताया कि सोमवार रात वह परिवार संग पहली मंजिल पर सो रहे थे। सुबह करीब पांच बजे उठे और घर के काम करने के लिए नीचे पहुंचे तो दो कमरों के दरवाजे खुले मिले। वह अंदर कमरे में पहुंची तो होश उड़ गए। कमरे में सारा सामान बिखरा और अलमारी खुली थी। दूसरे कमरे में भी दो अलमारियां खुली मिलीं। उन्होंने पति को आवाज देकर बुलाया। अलमारी देखी तो उससे तीन लाख रुपये, करीब 25 लाख के जेवर, बच्चों के गुल्लक मे जमा हुए रुपये, और 100 अैर 10 की नई गड्डी आदि सामान चोरी था। इसकी सूचना कंट्रोल रूम पर दी गई।
कैमरे में कैद हुए चोर
मौके पर पहुंची नौबस्ता थाने की पुलिस ने जांच शुरू की तो घर में लगे चार सीसी कैमरे दिखे। पुलिस ने उसकी जांच की तो तीन चोरों की फुटेज कैद मिली। इसके बाद फोरेंसिक टीम को सूचना दी गई। दोपहर करीब 2:45 बजे फोरेंसिक टीम, और डाग स्क्वायड जांच करने पहुंचा। डाग स्क्वायड कमरे और छत पर जाने के बाद पहले दाईं ओर 100 मीटर दूरी पर पहुंचा। उसके बाद बाईं ओर करीब 150 मीटर आगे पहुंचकर वापस आ गया।
कानपुर में आए चोर दे रहे हैं घटना को अंजाम
थाना प्रभारी अमित कुमार भड़ाना ने बताया कि बैंक के प्रबंधक के घर चोरी की तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। चोरों की फुटेज मिली है। उसके जरिए चोरों की तलाश में टीम लगी है।