कानपुर के सचेंडी में शनिवार रात गाली-गलौज के विरोध में पड़ोसी पिता, पुत्र ने साथी संग दुकानदार के घर में घुसकर उसे साबड़ से पीटकर मार डाला। बीच बचाव में आई पत्नी व बच्चों के साथ भी मारपीट की इसके बाद मौके से फरार हो गए।
नशेबाजी कर रहा था
पत्नी ने आरोपी पिता, पुत्र समेत तीन के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना क्षेत्र के धरमंगतपुर गांव में रहने वाले रामविलास (40) की गांव में ही पान मसाले की दुकान थी। पत्नी बबली ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब 11.30 बजे पड़ोसी राजाराम कुशवाहा अपने बेटे आकाश उर्फ कुंजबिहारी व विकास के साथ नशेबाजी कर रहा था।
घर के बाहर जाकर विरोध किया
आरोप है कि तीनों रामविलास का नाम लेकर गाली-गलौज कर रहे थे। इस पर रामविलास ने घर के बाहर जाकर विरोध किया। इस पर तीनों आरोपी लाठी, डंडा और साबड़ लेकर घर के अंदर घुस गए और सभी को जमकर पीटा। इसके बाद रामविलास पर साबड़ से कई वार किए, जिससे वह अचेत होकर वहीं गिर गया
यह देख तीनों आरोपी फरार हो गए। घर में मची चीख पुकार सुन कर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गांव के डॉक्टर ने रामविलास को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर राजाराम व आकाश को गिरफ्तार कर लिया
विकास की तलाश में दबिश दी जा रही है
बच्चों का क्या कसूर था जो छीन लिया पिता का सहारा
पोस्टमार्टम हाउस में रविवार दोपहर जैसे ही रामविलास का शव बाहर आया पत्नी बबली शव से लिपट कर फफक पड़ी। रामविलास के दो बच्चे दिव्या (9) व गोविंद (7) हैं। मां लोगों पूछती रही कि ‘मेरे मासूम बच्चों का क्या कसूर था, जो उनके सिर से पिता का सहारा छीन लिया..