कानपुर में कोयला नगर में एक इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रोफेसर पर शनिवार रात चापड़ और ईंट पत्थर से जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने पांच नामजद और 10 अज्ञात आरोपितों पर हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की है।
चकेरी के गणेशपुर निवासी ग्वालियर स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रोफेसर विकास वर्मा शनिवार रात कार से भतीजे विनोद संग जा रहे थे। तभी कोयला नगर में जमीन के विवाद को लेकर आरोपित सुमित राजपूत, नीरज उत्तम, नितिश राजपूत, जयकरन राजपूत, नारेंद्र ने उनकी कार में टक्कर मार दी। विरोध करने पर आरोपितों ने अपने 10 अज्ञात साथियों के संग मिलकर उन पर चापड़ और ईट से जानलेवा हमला कर दिया।
कार चढ़ाकर भाग गए थे
इसके बाद आरोपित प्रोफेसर की हत्या करने के इरादे से उन पर कार चढ़ाकर भाग गए थे। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें पास के नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। वहां हालत गंभीर होने पर उन्हें सर्वोदय नगर रीजेंसी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। चकेरी इंस्पेक्टर मधुर मिश्र ने बताया कि घायल विकास के भाई अविनाश वर्मा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।